

राष्ट्रपति ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया, वहीं तेलंगाना, राजस्थान, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़, मेघालय और महाराष्ट्र में नए राज्यपालों की नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान, जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना, ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम, संतोष कुमार गंगवार को झारखंड, रामेन डेका को छत्तीसगढ़, सी.एच. विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कुछ राज्यपालों का तबादला किया गया है। इनमें झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को महाराष्ट्र, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पंजाब और सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम में राज्यपाल के रूप में तबादला किया गया है। कटारिया को चंडीगढ़ संघ राज्य क्षेत्र का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। वहीं आचार्य को मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इन राज्यपालों की नियुक्तियां उनके कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी।