

सीएम एकनाथ शिंदे ने समीक्षा की
पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण देश के कई राज्यों में हालात खराब होते जा रहे हैं। महाराष्ट्र के पुणे में भी बारिश (Heavy Rain) ने हालात खराब कर दिए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ऐसे में पुणे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह घर से बाहर न निकलें। पुणे में 3 लोगों की मौत हो गई है। दो जगहों पर भूस्खलन हुआ है। पुणे और रायगढ़ के बीच तमहिनी घाट में मलबा गिरा है, जिसमें एक की मौत हो गई है और एक घायल है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
पुणे-रायगढ़ रोड पर तमहिनी घाट में मलबा गिरने के कारण घाट से यातायात रोक दिया गया है। घाट करीब 4-5 घंटे तक बंद रहने की संभावना है। पुणे में पर्यटकों के पर्यटन स्थलों पर जाने पर रोक लगा दी गई है। यह रोक 4 दिनों के लिए लगाई गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) लगातार हालात का जायजा ले रहे हैं।
पुणे में भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी घुस गया है। सिंहगढ़ रोड इलाके की 25 सोसायटियों में पानी के कारण एक हजार से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण 40 दोपहिया वाहन और पांच कारें भी बह गईं। इसके अलावा ठाणे जिला प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए गुरुवार को सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। इसके अलावा रायगढ़ में भारी बारिश के कारण स्टेट हाईवे पर लंबा जाम लगा हुआ है। रायगढ़ जिले में पिछले पांच दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण यहां की नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। पाली-खोपोली स्टेट हाईवे पर बाढ़ का पानी आ गया है। इसके कारण स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को कई घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि पाली अंबा नदी पर बना पुराना पुल हर साल भारी बारिश के बाद पानी में डूब जाता है। इसके कारण सरकार की ओर से नया पुल बनवाया गया था। हालांकि यह समस्या अभी भी बनी हुई है। पाली अंबा नदी का पुल मुंबई-गोवा, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे को जोड़ता है। इसके अलावा मुंबई में भारी बारिश के कारण विमान सेवा प्रभावित है। भारी बारिश के कारण पुणे के अलावा रायगढ़, पालघर और ठाणे के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।