Rashtriya Swayamsevak Sangh : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ मुख्यालय ध्वजारोहण

0

गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्ण वातावरण

नागपूर (NAGPUR) : आज देश के 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ मुख्यालय में ध्वजारोहण किया गया। महानगर संघचालक राजेश लोया के हाथों ध्वजारोहण संपन्न हुआ। इस दौरान शाखा के पदाधिकारी, सुरक्षाकर्मी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महानगर संघचालक राजेश लोया ने इस अवसर पर उपस्थितों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। हमारा देश विकासशील राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। संविधान हमारे देश का सर्वोच्च कानून है, जो हमें समान अधिकार और स्वतंत्रता प्रदान करता है और साथ ही हमें अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनानी है। यह केवल संविधान में दिए गए अधिकारों की चर्चा और आंदोलनों से नहीं होगा, बल्कि संविधान में बताए गए कर्तव्यों का कड़ाई से पालन करना जरूरी है।

हम अपना भविष्य अपनी आदतें बदलकर ही सुधार सकते हैं। कौन-कौन सी आदतें बदलनी चाहिए, इस पर नियमित विचार करना चाहिए। चाहे सड़क के नियम हों या समय पर कर चुकाना, यह हमारा कर्तव्य है। संविधान में लिखा है कि देश की सुरक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है। यह केवल सेना में रहकर नहीं होता, बल्कि जिस बस्ती में हम रहते हैं, वहां सजग रहना भी हमारा कर्तव्य है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के बारे में प्रशासन को जानकारी देनी चाहिए।

नवीन पीढ़ी को संयुक्त परिवार को और मजबूत बनाना चाहिए और पूरे विश्व के सामने आदर्श परिवार का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। जीवनशैली पर्यावरण के अनुकूल होनी चाहिए।”